जमशेदपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जमशेदपुर महानगर की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए कई शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं, प्रबुद्धजन एवं अभाविप कार्यकर्ता शामिल हुए. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय तथा एनआईटी जमशेदपुर के कुलसचिव डॉ. सरोज सारंगी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. के.के. कमलेन्दु, डॉ. मौसमी पॉल, डॉ. आलोक चौबे एवं अभिषेक कुमार मौजूद रहे।

दो पुस्तकों का हुआ विमोचन…
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कोल्हान विश्वविद्यालय की शिक्षिका डॉ. संगीता कुमारी द्वारा लिखित दो पुस्तकों का विमोचन रहा। अतिथियों ने ‘पॉजिटिव साइकोलॉजी’ और ‘पर्यावरण मनोविज्ञान’ पुस्तकों का विधिवत विमोचन किया. मुख्य अतिथि सरयू राय ने कहा कि शिक्षक समाज के शिल्पकार होते हैं। वे विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाने के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉ. संगीता कुमारी को दोनों पुस्तकों के लिए बधाई देते हुए कहा कि ये कृतियां मनोविज्ञान और पर्यावरण के क्षेत्र में विद्यार्थियों तथा शोधकर्ताओं के लिए उपयोगी साबित होंगी।
एनआईटी जमशेदपुर के कुलसचिव डॉ. सरोज सारंगी ने अभाविप के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है। शिक्षक समाज को ज्ञान, संस्कार और दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं. समारोह में अभाविप जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं के अलावा शहर के शिक्षाविद, प्राध्यापक, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अभाविप के पदाधिकारियों ने किया।
