जमशेदपुर : बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से मानगो डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह सादगी के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सरकारी, अर्धसरकारी और निजी विद्यालयों के करीब 500 शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। संघ के संयोजक एवं संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने कहा कि शिक्षक का पद अमर होता है। उनके द्वारा दिया गया ज्ञान कई पीढ़ियों तक जीवित रहता है। शिक्षक समाज को अंधकार से निकालकर प्रकाश की ओर ले जाने का कार्य करते हैं, इसलिए वे सम्मान के वास्तविक हकदार हैं. समारोह में पेपर लीक और नशे के बढ़ते प्रचलन पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने पेपर लीक को प्रतिभाओं और देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता जताई।

कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय सुदीब्य कुमार सोनू के निधन के कारण प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम, कठपुतली नृत्य और म्यूजिकल चेयर समेत अन्य कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम में एनआईटी के मैकेनिकल विभाग के एचओडी डॉ. बी. कुमार, जेकेएस कॉलेज के संस्थापक डॉ. एपी सिंह, कवि शेषनाग सिंह, डॉ. आरती निछावन, डॉ. निधि घई समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
