जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अंतर्राज्यीय संगठित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 113 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से ओडिशा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है. वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनके निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के कालियाडिंगा चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से कुल 113 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मोबाइल फोन की जांच और तकनीकी विश्लेषण के जरिए तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही गांजे की तस्करी के स्रोत और इसके संभावित गंतव्य का भी पता लगाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
