खूंटी : मुरहू थाना क्षेत्र के चर्च रोड स्थित बाजार समिति मार्केट में चोरों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोर दुकान के पीछे लगे वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर दाखिल हुए और शोकेस में रखे चांदी के चेन, पायल समेत अन्य आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह दुकान संचालक मोहन सोनी के दुकान खोलने पहुंचने पर हुआ. जानकारी के अनुसार, मोहन सोनी बुधवार शाम रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। उस समय दुकान में सभी सामान सुरक्षित था। गुरुवार सुबह दुकान खोलने के बाद उन्होंने शोकेस की जांच की तो उसमें रखे चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद दुकान का निरीक्षण करने पर पीछे की ओर लगा वेंटिलेटर टूटा हुआ पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने इसी रास्ते से दुकान में प्रवेश किया।

तिजोरी तोड़ने की भी कोशिश…..
चोरों ने दुकान में रखी मुख्य तिजोरी को भी खोलने और तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। तिजोरी सुरक्षित रहने के कारण दुकान में रखा अन्य महत्वपूर्ण सामान चोरी होने से बच गया। यदि अपराधी तिजोरी खोलने में सफल हो जाते तो नुकसान काफी अधिक हो सकता था. व्यवसायी के मुताबिक, चोरी गए चांदी के आभूषणों का वजन करीब डेढ़ किलो है। इनमें चेन, पायल समेत अन्य जेवर शामिल हैं। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
