जमशेदपुर : डिमना स्थित हिल व्यू कॉलोनी की मुख्य सड़क और प्रवेश द्वार पर पिछले कई महीनों से बने गंभीर जलजमाव की समस्या को लेकर जन विकास मंच एवं हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के अध्यक्ष सौरभ विष्णु ने पथ निर्माण विभाग, पूर्वी सिंहभूम के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान कार्यपालक अभियंता ने जलजमाव की समस्या की गंभीरता को स्वीकार करते हुए मामले की जांच कर स्थायी समाधान निकालने का आश्वासन दिया।

सौरभ विष्णु ने बताया कि कॉलोनी की मुख्य सड़क पर हाल में सड़क निर्माण एवं समतलीकरण का कार्य होने के बाद स्थिति बिगड़ गई। हल्की बारिश में भी सड़क पर बड़ी मात्रा में पानी जमा हो जाता है। इससे कॉलोनी के सैकड़ों निवासियों के अलावा दुकानदारों और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से जलजनित बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिम की आशंका भी बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान को लेकर विभाग के समक्ष पहले औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य से संबंधित ठेकेदार का नाम, स्वीकृत बजट, जल निकासी की योजना (ड्रेनेज डिजाइन) और निरीक्षण रिपोर्ट समेत अन्य जानकारियां प्राप्त करने के लिए सूचना का अधिकार (RTI) के तहत आवेदन दिया गया। इसी क्रम में अब कार्यपालक अभियंता से व्यक्तिगत मुलाकात कर पूरे मामले को उनके समक्ष रखा गया।
सौरभ विष्णु ने कहा कि अधिकारियों से मिले आश्वासन से उम्मीद जगी है, लेकिन अब उनकी प्राथमिकता समस्या का स्थायी समाधान है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के लोगों ने महीनों तक जलजमाव की समस्या को लेकर आवाज उठाई है और शिकायत से लेकर RTI तक का रास्ता अपनाया गया है। अब विभाग के आश्वासन को धरातल पर उतारने की जरूरत है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि RTI के माध्यम से मांगी गई कई महत्वपूर्ण जानकारियां अभी लंबित हैं। इनमें ठेकेदार, स्वीकृत राशि और जल निकासी व्यवस्था से जुड़ी जानकारी शामिल है। उन्होंने कहा कि जब तक बारिश के दौरान सड़क पर जलजमाव की समस्या स्थायी रूप से समाप्त नहीं होती, तब तक इस मामले को समाप्त नहीं माना जाएगा। विभाग के आश्वासन का स्वागत है, लेकिन निवासियों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब सड़क पर पानी जमा होना पूरी तरह बंद होगा।
