मेडिकल कॉलेज-रिपिट कॉलोनी इलाके में चल रही थी खरीद-बिक्री की सूचना, छापेमारी में दो मोबाइल और पल्सर भी बरामद
जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 510 पुड़िया अवैध ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त थे. पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज और रिपिट कॉलोनी के आसपास दो व्यक्ति अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा देवज्ञान कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।

काली मंदिर के पास दबोचे गए दोनों आरोपी……
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर रिपिट कॉलोनी के पीछे काली मंदिर के समीप छापेमारी की। इस दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया। विधिवत तलाशी के दौरान सुरज थापा के पास से 437 पुड़िया और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया, यानी कुल 510 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई. इसके अलावा पुलिस ने एक सैमसंग स्क्रीनटच मोबाइल, एक नोकिया की-पैड मोबाइल और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (JH05EJ-5734) भी जब्त की है।
पूछताछ के बाद दर्ज हुआ मामला……
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 112/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 111(2)(ii) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(a), 21(b), 27 और 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास……
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सुरज थापा (32), पिता स्व. मादक थापा, उत्तम सिंह हाटिंग, मकुमबेड़ा, थाना बड़बिल, जिला क्योंझर, ओडिशा का निवासी है। उसके खिलाफ घाटशिला, मानगो, पोटका, सिदगोड़ा, मुसाबनी और जादूगोड़ा थाना क्षेत्रों में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी समेत कई मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2024 और 2025 के एनडीपीएस एक्ट के मामले भी शामिल हैं. वहीं करण कुमार (25), पिता तुलसी सिंह, बिरसानगर जोन नंबर-3, डी ब्लॉक, डुमरी पर शिव मंदिर के पास का निवासी है। उसके खिलाफ बिरसानगर थाना में एनडीपीएस एक्ट तथा चोरी से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
छापामारी टीम में ये रहे शामिल……
कार्रवाई करने वाली टीम में डीएसपी पटमदा देवज्ञान कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनन्द कुमार, सुगना मुंडा, नारकोटिक्स सेल के अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मो. माजिद उद्दीन तथा एमजीएम थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई को एमजीएम क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हुई और इसके पीछे नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
