जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को पुलिस, CoBRA, STF और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी एवं कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान सुबह करीब पांच बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक जारी रहा. पुलिस के अनुसार, भाकपा माओवादी से जुड़े मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर सुरक्षा बलों ने दुर्गम पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध ठिकानों और आसपास के इलाकों की गहनता से जांच की गई। तलाशी के क्रम में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए गए।

कुड़लुंग पहाड़ से INSAS राइफल बरामद……
सर्च ऑपरेशन के दौरान कुड़लुंग पहाड़ से सुरक्षा बलों ने एक INSAS राइफल बरामद की। इसके साथ 85 चक्र गोलियां, तीन मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गई।
जोभी जंगल से AKM समेत गोलियां बरामद…….
वहीं, चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में तलाशी के दौरान एक AKM राइफल बरामद हुई। मौके से 147 चक्र गोलियां और दो मैगजीन भी बरामद की गईं. इस प्रकार संयुक्त अभियान में कुल दो राइफल, 232 चक्र गोलियां और पांच मैगजीन समेत अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने बरामद हथियार एवं गोला-बारूद को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।
दुर्गम इलाकों में घंटों चला अभियान…….
सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में कई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान में DSP पटमदा दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार और चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार के अलावा एमजीएम थाना के पुलिस पदाधिकारी, CoBRA, STF और झारखंड जगुआर के जवान शामिल रहे।
हथियारों के स्रोत और नेटवर्क की जांच जारी……
पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियार और गोला-बारूद को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान जारी है। सुरक्षा बल बरामद सामग्री के स्रोत और उससे जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से संबंधित जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
