जमशेदपुर : झारखंड-ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार बारिश के बीच बैंकवेल और खरकई जलाशयों से पानी छोड़े जाने के बाद खरकई और स्वर्णरेखा नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। लोगों से नदी, घाट और जलधाराओं के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की गई है. रायरंगपुर सिंचाई प्रमंडल ने बुधवार रात बैंकवेल जलाशय के दो स्पिलवे गेट खोलकर करीब 46.562 क्यूमेक, जबकि खरकई जलाशय से करीब 60.264 क्यूमेक पानी छोड़ा। इसकी सूचना पूर्वी सिंहभूम और मयूरभंज प्रशासन को भी दी गई है।

जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आदित्यपुर ब्रिज पर खरकई नदी का जलस्तर 127.01 मीटर और मानगो ब्रिज पर स्वर्णरेखा का जलस्तर 117.18 मीटर दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे हैं, लेकिन लगातार बारिश और जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर में और वृद्धि की आशंका को देखते हुए प्रशासन की नजर बनी हुई है. प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
