जमशेदपुर : मारवाड़ी युवा मंच–स्टील सिटी सुरभि शाखा की ओर से महिलाओं के हुनर, उत्पाद और व्यवसाय को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय ‘उन्नति मेला’ का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस मेले में महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और उद्यमिता की झलक देखने को मिली। मेले ने महिलाओं को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।

समापन समारोह में झारखंड प्रदेश अग्रवाल सम्मेलन के महामंत्री अभिषेक गोल्डी अग्रवाल, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मुनका, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल, समाजसेवी विमल रिंगसिया, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के निवर्तमान अध्यक्ष अरुण गुप्ता, प्रांतीय संयोजिका कविता अग्रवाल, प्रांतीय संयोजिका अंकित लोधा एवं पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की महिला इकाई अध्यक्ष मनीषा संघी मौजूद रहीं. इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष पायल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नूपुर तुलसियान, पूर्व अध्यक्ष बबीता रंग रसिया, पूर्व अध्यक्ष पारुल चेतानी एवं पूर्व अध्यक्ष उषा चौधरी सहित शाखा के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
हुनर को बाजार तक पहुंचाने की पहल…..
मेले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने अपने उत्पादों और व्यवसाय का प्रदर्शन किया। लोगों ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर महिलाओं के उत्पादों को देखा और उनकी प्रतिभा को सराहा। आयोजकों के अनुसार, ‘उन्नति मेला’ का उद्देश्य सिर्फ उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं था, बल्कि महिलाओं को अपने हुनर की पहचान दिलाना, नए अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना था।
जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क स्टॉल……
उन्नति मेले की खास पहल के तहत बाहर की ओर लगाए गए दो स्टॉल जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। इसका उद्देश्य उन महिलाओं को भी व्यवसायिक मंच उपलब्ध कराना था, जो अपने हुनर और कारोबार को आगे बढ़ाने की क्षमता रखती हैं, लेकिन आर्थिक परिस्थितियों के कारण उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता।
तीन दिनों तक चले मेले में विभिन्न उत्पादों और आकर्षक स्टॉलों ने लोगों का ध्यान खींचा। आगंतुकों के साथ स्टॉल संचालक महिलाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। मेले ने महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान बनाने और व्यवसाय के विस्तार के लिए नए संपर्क स्थापित करने का अवसर दिया।
आयोजन की सफलता में सदस्यों का अहम योगदान…..
उन्नति फेस्टिवल मेला की संयोजिका एवं शाखा की सदस्य श्रीजी गर्ग, सविता गर्ग, सीमा सपरिया, श्वेता पंसारी, डॉक्टर रुचिता अग्रवाल एवं बिंदिया नरेड़ी सहित शाखा के सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन समारोह में शाखा की ओर से सभी अतिथियों, स्टॉल धारकों, सहयोगियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शाखा ने कहा कि महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाने, उन्हें मंच उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे।
