जमशेदपुर : सोनारी मरीन ड्राइव में चार युवाओं की दर्दनाक मौत की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। सार्क नेशंस इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन के नेशनल एग्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. जी. जयरामदास ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत युवाओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि चार घरों के चिराग अचानक बुझ जाना बेहद पीड़ादायक है। यह घटना हर अभिभावक को एक पल ठहरकर सोचने पर मजबूर करती है कि बच्चे कहां जा रहे हैं, किन लोगों के साथ समय बिता रहे हैं और किस राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

डॉ. जयरामदास ने कहा कि बच्चों से दोस्त की तरह संवाद करना, उनकी संगत और दिनचर्या को समझना बेहद जरूरी है। स्कूल-कॉलेज के युवाओं में नशे और धूम्रपान जैसी आदतों की बढ़ती चर्चा भी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से युवाओं तक नशीले पदार्थों की पहुंच रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की. उन्होंने कहा, “एक हादसा चार परिवारों की खुशियां छीन गया। अब जरूरत है कि हम सब मिलकर अपने बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षित राह की चिंता करें।”
