जमशेदपुर : गोलमुरी बाजार में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में व्यापारियों द्वारा बुलाए गए बंद को आजसू पार्टी ने नैतिक समर्थन दिया है। आजसू नेता अप्पू तिवारी ने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार व प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर तत्काल अंकुश लगाने की जरूरत है. गोलमुरी केनरा बैंक में हथियारबंद डकैती के बाद आरती ज्वेलर्स में चोरी की घटना से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी को लेकर अप्पू तिवारी ने समाजसेवियों व भाजपा नेताओं के साथ बाजार का भ्रमण कर दुकानदारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. व्यापारियों ने नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

अप्पू तिवारी ने कहा कि आजसू व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है। शांतिपूर्ण बंदी के आह्वान को पार्टी का नैतिक समर्थन है। उन्होंने जिला प्रशासन से बाजार में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान समाजसेवी शिवशंकर सिंह, भाजपा नेता दिनेश कुमार, पप्पू उपाध्याय समेत कई दुकानदार मौजूद रहे।
