जमशेदपुर : ऑटो प्रोफाइल्स यूनिट-1 के कारखाना परिसर में शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कर्मचारियों, श्रमिकों, प्रशासनिक कर्मियों एवं प्रबंधन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 138 यूनिट रक्तदान किया. शिविर का आयोजन ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के ब्लड सेंटर डिवीजन के सहयोग से किया गया। अस्पताल की मेडिकल टीम की देखरेख में आयोजित शिविर के दौरान रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई और सभी आवश्यक चिकित्सकीय एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया. इस अवसर पर ऑटो प्रोफाइल्स के प्रबंधन ने कर्मचारियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि 138 यूनिट रक्त का संग्रह सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की मदद की जा सकेगी।

अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने भी रक्तदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि नियमित स्वैच्छिक रक्तदान अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर में रक्तदान से पहले सभी दाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई। रक्तदाताओं को जलपान के साथ प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया. ऑटो प्रोफाइल्स यूनिट-1 के इस अभियान को कर्मचारियों की सामाजिक भागीदारी और सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
