जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली (42) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हथियार लेकर घूम रहा था. वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने वायरलेस मैदान में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

17 आपराधिक मामलों में रहा है नाम….
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अनुप चक्रवर्ती का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास, हत्या और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 17 मामलों का उल्लेख पुलिस ने किया है। इनमें बर्मामाइंस थाना का वर्ष 2022 का हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़ा मामला तथा परसूडीह थाना में वर्ष 2026 में दर्ज लूट और आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है. छापेमारी टीम में डीएसपी सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, जेवियर होरो और बागबेड़ा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
