जमशेदपुर : शनिवार तड़के करीब चार बजे एनएच-33 पर झाबरी गांव के पास कोलकाता से रांची जा रही ऊं शिवम यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 25 यात्री सवार थे. दुर्घटना में गिरिडीह निवासी सुखदेव दास (45) समेत एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए। सूचना पर चौका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घायलों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

बस पलटने से एनएच-33 पर बड़ामटांड़ से झाबरी के बीच एक तरफ का यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन और हाइड्रा की मदद से बस को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। अन्य यात्री वैकल्पिक साधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। पुलिस ने बस को जब्त कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
