जमशेदपुर : जिला बदर होने के बावजूद शहर में चोरी-छिपे घूम रहे तड़ीपार अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना को साकची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि दाना काशीडीह इलाके में कुछ साथियों के साथ किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहा है।

सूचना के आधार पर साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर सीतारामडेरा ब्रिज के पास से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दाना के खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई की जा चुकी है और उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पूछताछ में पुलिस को उसके तड़ीपार अवधि के दौरान शहर में आने-जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसके साथियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
