जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के न्यू बाराद्वारी स्थित फूल बस्ती-खुशबू नगर में युवक आबिद हुसैन को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस अब फायरिंग के पीछे की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात करीब 11:15 बजे न्यू बाराद्वारी इलाके में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर तथा सीतारामडेरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि स्कूटी सवार दो युवकों ने आबिद हुसैन को गोली मारकर घायल कर दिया है। घायल को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

फर्द बयान पर दर्ज हुआ मामला……
घायल आबिद हुसैन के फर्द बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना में कांड संख्या 105/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दशरथ शुक्ला, निवासी टुइलाडुंगरी, गोलमुरी, राज सिंह कश्यप उर्फ कोटू, निवासी काशीडीह लाइन नंबर-1, साकची तथा मो. कैफ उर्फ स्मोलू, निवासी तिलगुजा रोड, साकची को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, मो. कैफ उर्फ स्मोलू चर्चित इस्माइल आजाद का पुत्र है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास…….
पुलिस के अनुसार, राज सिंह कश्यप उर्फ कोटू के खिलाफ जमशेदपुर और आसपास के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ सोनारी, सीतारामडेरा, गोलमुरी, सिदगोड़ा, घाटशिला, गालूडीह, कदमा और आदित्यपुर थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज होने की जानकारी दी है. वहीं मो. कैफ उर्फ स्मोलू के खिलाफ कदमा और साकची थाना में लूट, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है. दशरथ शुक्ला के खिलाफ भी गोलमुरी, साकची, सीतारामडेरा, सिदगोड़ा और बुंडू थाना क्षेत्रों में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
हथियार बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी……
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी की घटना के पीछे वास्तविक विवाद क्या था और इसमें अन्य किन लोगों की भूमिका रही है. छापामारी टीम में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, सीतारामडेरा थाना के पुलिस पदाधिकारी अक्षय कुमार, सूरज प्रसाद, युवराज कुमार, मनोरंजन कुमार, चांदनी कुमारी, अमित कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
