जमशेदपुर : ब्राह्मण समाज को संगठित, सशक्त और सामाजिक रूप से सक्रिय बनाने की दिशा में ब्राह्मण युवा शक्ति संघ (पंजीकृत) ने झारखंड के विभिन्न जिलों के लिए प्रभारियों की घोषणा की है। संघ ने सभी नवनियुक्त जिला प्रभारियों को 15 नवंबर तक जिला संयोजक मंडली का गठन कर चुनाव की तिथि निर्धारित करने का निर्देश दिया है। संघ का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से जिला इकाइयों का गठन कर संगठन को मजबूत आधार देना है।

संघ द्वारा जारी जिम्मेदारियों के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले का प्रभारी निर्मल दीक्षित एवं विजय पाठक को बनाया गया है। बोकारो और धनबाद की जिम्मेदारी अभिषेक ओझा एवं दिलीप पांडे को सौंपी गई है। रांची के प्रभारी अरुण शुक्ला एवं रणजीत झा, जबकि हजारीबाग के प्रभारी अप्पू तिवारी एवं संतोष जोशी होंगे. इसी तरह गढ़वा का दायित्व अंकित आनंद एवं पवन ओझा, पलामू का सूरज ओझा एवं सुशील पांडेय, चक्रधरपुर का कमलेश दुबे एवं पप्पू मिश्रा तथा गुमला का दायित्व राजेश त्रिपाठी एवं हृतिक चौबे को सौंपा गया है। वहीं जमशेदपुर में सुनील शर्मा एवं ध्रुव मिश्रा जिला प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
संघ के संयोजक अप्पू तिवारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पदों का वितरण करना नहीं, बल्कि ब्राह्मण समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर लोकतांत्रिक तरीके से नेतृत्व तैयार करना है। उन्होंने कहा कि संगठन में पद एवं जिम्मेदारियों का निर्धारण आपसी सहमति और लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा. उन्होंने बताया कि सभी जिलों में संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचित जिला प्रतिनिधियों की सहभागिता से प्रदेश स्तरीय कमिटी का गठन किया जाएगा। इससे संगठन को जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत और प्रभावी संरचना मिलेगी।
अप्पू तिवारी ने कहा कि संघ का मूल उद्देश्य सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार, सेवा, स्वाभिमान और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग को बढ़ावा देना है। संगठन युवा पीढ़ी को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करेगा। प्रतिभावान विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को संगठनात्मक स्तर पर सहयोग देने की दिशा में भी काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज की एकजुटता तभी सार्थक होगी, जब व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर समाजहित को प्राथमिकता दी जाए। संघ पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों को निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रदेश स्तर पर भव्य होगा परशुराम जन्मोत्सव…….
बैठक में आगामी भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव को प्रदेश स्तरीय स्वरूप में भव्य तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सभी जिला इकाइयों को अभी से तैयारियां शुरू करने तथा अधिक से अधिक समाज के लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया गया है. संघ ने कहा कि आने वाले दिनों में झारखंड के शेष जिलों में भी संगठन का विस्तार किया जाएगा। चरणबद्ध तरीके से जिला इकाइयों का गठन और लोकतांत्रिक चुनाव कराया जाएगा .अप्पू तिवारी ने कहा, संगठन में व्यक्ति से बड़ा समाज और पद से बड़ा दायित्व है। हमारा संकल्प लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से ब्राह्मण समाज को एक सूत्र में जोड़ना और नई पीढ़ी को सामाजिक नेतृत्व के लिए तैयार करना है।
