लोकतंत्र सवेरा/सुलतानपुर : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने चालक को झपकी आने की आशंका जताई है. बताया जाता है कि अर्टिगा कार सवार सभी लोग लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार के गेट तोड़कर घायलों और अन्य यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। हादसे में तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में झपकी आने के कारण चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।
