जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में विशाल सांडील की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े के बाद 27 सितंबर 2026 को सुनियोजित तरीके से विशाल की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से संबंधित एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी गीता नामता के लिखित आवेदन पर 30 सितंबर 2026 को बिरसानगर थाना कांड संख्या 62/2026 दर्ज किया गया था। मामले में चरण हांसदा, कार्तिक नामता और लुलु नामता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत विशाल की हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए कार्तिक नामता और रवि कुंटिया को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद……
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आपसी विवाद और पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपियों तथा विशाल के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद कथित तौर पर योजना बनाकर 27 सितंबर को विशाल को स्वर्णरेखा नदी के पास ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को नदी में फेंक दिया गया।
एक मोटरसाइकिल बरामद….
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर एक मोटरसाइकिल (नंबर JH05BC1477) बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी…..
- कार्तिक नामता, उम्र 22 वर्ष।
- रवि कुंटिया, उम्र 24 वर्ष।
बरामदगी : एक मोटरसाइकिल, नंबर JH05BC1477।
पुलिस के अनुसार, मामले के उद्भेदन में पूर्वी सिंहभूम की विशेष पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
