जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और उपायुक्त ने संयुक्त रूप से विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर पर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि पूजा-अर्चना और दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ पूजा समितियों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। अधिकारियों ने समितियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचित करने की अपील की. प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों और बेहतर समन्वय से दुर्गा पूजा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।