जमशेदपुर : कदमा के विजय हेरिटेज निवासी होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में चांडिल थाना पुलिस ने बागबेड़ा के प्रधानटोला निवासी कन्हैया सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हत्याकांड में गिरफ्तार कथित साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव से कन्हैया सिंह की करीबी होने की बात सामने आने के बाद पुलिस उसकी संभावित संलिप्तता की पड़ताल कर रही है। हालांकि, इस मामले में कन्हैया सिंह की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

### सुबह थाने बुलाया, शाम को पहुंची चांडिल पुलिस…….
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कन्हैया सिंह को बागबेड़ा थाना बुलाया गया था। वह अपने एक रिश्तेदार के साथ थाने पहुंचे थे। इसके बाद शाम करीब चार बजे चांडिल थाना की पुलिस वहां पहुंची और कन्हैया सिंह को अपने साथ ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और उसके साथी सक्रिय हो गए। वे पुलिस वाहन के पीछे-पीछे चांडिल थाना तक पहुंच गए।
### हाफ एनकाउंटर के डर से परेशान रहे परिजन…….
कन्हैया सिंह को पुलिस के साथ ले जाते देख उसके परिजन और साथी काफी परेशान नजर आए। परिजनों को आशंका थी कि कहीं वह पुलिस के हालिया विशेष अभियान के दौरान किसी अप्रिय घटना का शिकार न हो जाए। इसी आशंका के बीच वे पुलिस वाहन के पीछे-पीछे चांडिल थाना तक पहुंचे। हालांकि, कन्हैया सिंह को हिरासत में लिए जाने और पूछताछ के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को लेकर परिजनों की चिंता के संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
### 24 अगस्त को होटल में हुई थी कारोबारी की हत्या…..
गौरतलब है कि गत 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में कदमा के विजय हेरिटेज निवासी होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए मामले में कथित साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव, अभिमन्यु सिंह उर्फ चिंटू सिंह, सुशील केराई, रोहित सिंह, सुनील रजक, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी राज कुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
### अशोक सिंह राघव से करीबी संबंध बना जांच की कड़ी…….
पुलिस की जांच में गिरफ्तार कथित साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव और कन्हैया सिंह के बीच करीबी संबंध होने की बात सामने आई है। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस कन्हैया सिंह से पूछताछ कर हत्याकांड में उसकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है। अब पुलिस की पूछताछ में क्या तथ्य सामने आते हैं और निखार सबलोक हत्याकांड की साजिश से जुड़े कौन-से नए राज खुलते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।