जमशेदपुर : सोशल मीडिया पर भौकाल जमाने और रील में हथियार दिखाने का शौक चार लड़कों को भारी पड़ गया। बिरसानगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक और तीन नाबालिगों को पकड़ा है। इनके पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं. सिटी एसपी ललित मीना ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लुपुंगडीह फुटबॉल मैदान के पास कुछ लड़के हथियार की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर चारों को पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान साकची गुरुनानक बस्ती निवासी यश दास के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि तीनों नाबालिग शौक और टशन के लिए हथियार खरीदना चाहते थे। इसके लिए 30 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। पुलिस का कहना है कि हथियार और नशे के खिलाफ लगातार चल रहे अभियान के दबाव में यश हथियार बेचने की फिराक में था. पुलिस ने युवक को जेल भेज दिया है, जबकि तीनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
