जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण की उपस्थिति में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान कार्यों की प्रगति और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक के दौरान एसएसपी ने लंबित कांडों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही वारंट एवं कुर्की आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया।

दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर…..
आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए जिले में शांति, सामाजिक सौहार्द एवं सुदृढ़ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने, नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और किसी भी अप्रिय स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं…..
एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी निर्धारित कार्यों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए जिम्मेदारी के साथ परिणामोन्मुखी पुलिसिंग करने पर जोर दिया. अपराध गोष्ठी के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ लंबित मामलों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर भी गंभीरता से कार्य किया जाएगा।
