डांडिया विवाद पर आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता ने जताई आपत्ति, निष्पक्ष जांच और मंत्री से स्पष्टीकरण की मांग
जमशेदपुर : झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी के डांडिया कार्यक्रमों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग करने वाले हिंदूवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग संबंधी बयान पर राजनीतिक विवाद गहराने लगा है। आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मंत्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति असंवेदनशीलता का परिचायक बताया. अप्पू तिवारी ने कहा कि डांडिया जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की परंपरा, आस्था और आयोजन संबंधी नियमों को लेकर चर्चा होना स्वाभाविक है। यदि कोई संगठन धार्मिक मर्यादाओं के संरक्षण की मांग करता है, तो उसकी बात सुने बिना उसे गलत ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने सनातन धर्म की परंपराओं और मान्यताओं के संरक्षण के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री से अपेक्षा की जाती है कि वे संवेदनशील मुद्दों पर संयमित भाषा का प्रयोग करें और सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें। किसी भी पक्ष के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की मांग करने से पहले पूरे मामले की निष्पक्षता से समीक्षा की जानी चाहिए. अप्पू तिवारी ने मंत्री के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी जनहित के मुद्दों का समाधान करना है, न कि ऐसे बयान देना जिससे धार्मिक विवाद और गहरा हो। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि विवादित बयानों के जरिए सुर्खियां बटोरना ही राजनीति का उद्देश्य बन जाए, तो यह जनहित की राजनीति के लिए उचित संदेश नहीं है।
उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा करने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से कानून का उल्लंघन किया गया है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से मंत्री के बयान पर स्पष्टीकरण लेने की भी मांग की. अप्पू तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाया गया, तो आजसू पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में चरणबद्ध आंदोलन करने पर विचार करेगी।
