रांची : दुमका के विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। वह सिंगापुर के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मां दुर्गा से प्रार्थना की है।

रविवार दोपहर करीब 12 बजे बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बसंत सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा कि मां दुर्गा उन्हें शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ करें और उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु का आशीर्वाद प्रदान करें। साथ ही उन्होंने बसंत सोरेन के दोबारा जनसेवा के कार्यों में सक्रिय होने की कामना की. बसंत सोरेन के समर्थक भी अपने नेता के जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुंबई में चिकित्सकीय परामर्श लेने के बाद वह अपने परिवार के साथ सिंगापुर गए थे, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, उनकी बीमारी और वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मां के अंतिम संस्कार में भी नहीं हो सके शामिल…..
बसंत सोरेन के सिंगापुर में इलाजरत रहने के दौरान उनकी मां रूपी सोरेन का रांची में निधन हो गया था। स्वास्थ्य कारणों से वह सिंगापुर से वापस नहीं लौट सके और मां के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मां के निधन पर दुख व्यक्त किया था. अब उनके समर्थकों और शुभचिंतकों को उनके शीघ्र स्वस्थ होने और घर लौटने का इंतजार है।
