गिरिडीह में त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं, लातेहार में मधुमक्खियों के हमले से चार लोग घायल
गिरिडीह/लातेहार : झारखंड में दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों ने परिवारों की खुशियां छीन लीं। गिरिडीह जिले में पांच किलो के गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से चाची-भतीजी की मौत हो गई। वहीं, लातेहार जिले में मधुमक्खियों के झुंड के हमले में छह वर्षीय मासूम की जान चली गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।

### गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट, चाची-भतीजी की मौत………
गिरिडीह : धनवार प्रखंड अंतर्गत जरीसिंगा पंचायत के मनगसो गांव में रविवार शाम करीब छह बजे पांच किलो के गैस सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट से चाची-भतीजी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान वैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी कविता देवी (26) और गुड्डू राणा की पांच वर्षीय बेटी शीतल कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दुर्गापूजा को लेकर कविता देवी घर में प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सिलेंडर में लगी आग बुझने का इंतजार करते हुए लोग दरवाजे के पास खड़े थे। इसी बीच अचानक सिलेंडर जोरदार आवाज के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि सिलेंडर दरवाजे से टकराते हुए कविता देवी और पास में मौजूद शीतल कुमारी को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में शीतल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कविता देवी को रेफरल अस्पताल धनवार ले जाया जा रहा था। हालांकि, उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। त्योहार की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
### विस्फोट की आवाज से दहल उठा गांव……
घटना की सूचना मिलते ही परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. प्रत्यक्षदर्शी एवं कविता देवी के भैंसूर बिटेश राणा ने बताया कि विस्फोट की आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा गांव दहल उठा। आवाज सुनकर लोग घबरा गए और घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है।
### मधुमक्खियों के हमले में छह वर्षीय मासूम की मौत, चार घायल…….
लातेहार। जिले के बारियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाड़ा गांव में शनिवार देर शाम मधुमक्खियों के झुंड के हमले में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान राजेश भुइयां के पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। घायलों में पीयूष कुमार, आयुष कुमार, अमित भुइयां और 80 वर्षीय रूदनी मासोमात शामिल हैं. मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय सभी लोग घर के समीप बैठे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद गांव में ही सभी का प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद लोग सोने चले गए।
### रात दो बजे मां जगाने पहुंची, तो नहीं मिली शरीर में हलचल…….
रात करीब दो बजे आर्यन की मां को अनहोनी की आशंका हुई। वह बच्चे को जगाने पहुंचीं, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, मधुमक्खियों के हमले में घायल अन्य चार लोगों का रविवार सुबह बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया। मासूम आर्यन की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है. दोनों हादसों ने एक बार फिर परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। कहीं त्योहार की तैयारी के बीच गैस सिलेंडर का विस्फोट जानलेवा बन गया, तो कहीं मधुमक्खियों के अचानक हमले ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली।

