जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के चूना भट्ठी पुल के समीप मंगलवार को एक चाय स्टॉल में सिलेंडर ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, चाय स्टॉल का संचालन एक दंपती करता था और दुकान में ही उनके रहने की व्यवस्था भी थी। अचानक आग लगने के बाद देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीपावली में बिक्री के लिए स्टॉल में कुछ पटाखे भी रखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि पटाखों की मौजूदगी के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। हालांकि, आग लगने के कारणों और पटाखों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में चाय स्टॉल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। नुकसान का वास्तविक आकलन होना अभी बाकी है।
पति-पत्नी के बीच विवाद की भी चर्चा……
स्थानीय स्तर पर घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद होने की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि, कथित विवाद और आग लगने की घटना के बीच किसी तरह के संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारण, सिलेंडर ब्लास्ट की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


