आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में शेखर नामक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच तनाव का माहौल बन गया।

पूजा पंडाल में काम कर रहा था शेखर……
जानकारी के अनुसार, शेखर आदित्यपुर में शंभू सिंह के पूजा पंडाल में काम कर रहा था। इसी दौरान वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और मामला मारपीट से बढ़कर चाकूबाजी तक पहुंच गया। इस हिंसक घटना में शेखर समेत चार लोग घायल हो गए।
टीएमएच में इलाज के दौरान मौत…….
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शेखर की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शेखर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस जांच में जुटी, विवाद के कारणों की पड़ताल……
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। विवाद की शुरुआत कैसे हुई, चाकूबाजी में किन लोगों की भूमिका रही और हिंसा किस परिस्थिति में भड़की, इन सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

