रांची : चक्रवात ‘अर्णब’ (Cyclone Arnab) के संभावित प्रभाव और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को KG से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी। इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के कार्यालय की ओर से जिला शिक्षा कार्यालय के माध्यम से आदेश जारी किया गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
रांची जिले को ऑरेंज जोन में चिह्नित करते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम की स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है।
परीक्षा को लेकर निजी स्कूलों को छूट…….
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर आवश्यक निर्णय ले सकता है। वहीं, सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों और निजी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों पर विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा. इसके अलावा, सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील…….
चक्रवात और भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन का यह कदम विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की जाती है।


