जमशेदपुर।: झारखंड में चक्रवात ‘अर्णव’ (Cyclone Arnab) और भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से 27 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात और भारी बारिश की आशंका जताते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है। पूर्वी सिंहभूम जिले को ऑरेंज जोन में चिह्नित किया गया है। जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत लिया गया निर्णय
मौसम विभाग के पूर्वानुमान और संभावित खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिले के सभी संबंधित विद्यालयों में प्रवेश वर्ग से लेकर कक्षा 12 तक की कक्षाओं में पढ़ाई 28 और 29 अक्टूबर को स्थगित रहेगी।
शिक्षकों को विद्यालय आना होगा
प्रशासन के आदेश के अनुसार, विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों पर विद्यालय में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। वहीं, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, उनके संचालन को लेकर विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है। अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


