जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार शाम टेल्को थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ के पास बीच सड़क पर हुई चापड़बाजी की सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हमले में दो नाबालिग युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

















प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त इलाके में अचानक अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार बदमाशों का हमला, सड़क बना रणक्षेत्र……
बताया जा रहा है कि धोबी मोड़ के पास दो अलग-अलग बाइकों पर सवार नाबालिगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों ने दूसरे बाइक पर सवार किशोरों पर अचानक चापड़ से हमला बोल दिया।
हमले से घबराकर दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। जान बचाने के लिए दोनों किशोर भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर कुछ दूरी पर घेर लिया और ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे के कान के पास गहरा जख्म हुआ है।
हमलावर फरार, पुलिस जांच में जुटी……
घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस घायलों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस आपसी विवाद को घटना की वजह मान रही है।
शहर में बढ़ती चापड़बाजी से दहशत……
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जमशेदपुर में चापड़बाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अपराधियों के लिए चापड़ नया हथियार बनता जा रहा है। पुलिस लगातार ऐसे हथियार बरामद कर रही है, लेकिन इसके बावजूद घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
बीच सड़क दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
