रांची : बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर में लगातार तीन दिन परेशानी भरे हो सकते हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल होगी। हड़ताल टालने के लिए केंद्रीय श्रम आयुक्त के स्तर पर हुई वार्ता में सहमति नहीं बनने के बाद यूनियनों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।

हड़ताल के अगले दिन 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इससे झारखंड समेत देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। नकद जमा-निकासी, चेक और काउंटर सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, PLI में असमानता दूर करना और लंबित मांगों का समाधान शामिल है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें। हालांकि, UPI, डिजिटल बैंकिंग और ATM सेवाएं उपलब्ध रह सकती हैं, लेकिन इनकी सेवा बैंक के अनुसार प्रभावित हो सकती है।
