लोकतंत्र सवेरा/पटना : बिहार में मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा अभियान का विस्तार किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने शुक्रवार को 26 नवप्रशिक्षित खाद्य संरक्षा अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र सौंपते हुए इसकी जानकारी दी। इन अधिकारियों की विभिन्न जिलों में पदस्थापना से अब राज्य के सभी जिलों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और मिलावट मिलने पर कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होगी। यह अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सालभर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पटना की खाद्य जांच प्रयोगशाला का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके अलावा भागलपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर और पूर्णिया में नई प्रयोगशालाएं स्थापित करने का प्रस्ताव है।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने अधिकारियों को खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों को नियमों की जानकारी देने और सुधार का अवसर देने पर भी ध्यान दिया जाए. गौरतलब है कि सभी 26 अधिकारियों ने 40 दिवसीय प्रशिक्षण पूरा किया है। इसमें खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, नमूना संग्रह, प्रयोगशाला जांच और मिलावट के मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों की तैनाती से राज्य में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी पर निगरानी व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।




