जमशेदपुर। जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल (JLF 2.0) में शहर के उभरते लेखकों और युवाओं को पटकथा लेखन सीखने का विशेष अवसर मिलेगा। विद्यादीप फाउंडेशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय साहित्य उत्सव के तहत 19 दिसंबर को बिष्टुपुर स्थित होटल रामाडा में स्क्रिप्ट राइटिंग मास्टरक्लास आयोजित होगी। इसमें फिल्मफेयर पुरस्कार विजेता निर्देशक एवं पटकथा लेखक तरुण दुडेजा प्रतिभागियों को पटकथा लेखन की बारीकियां सिखाएंगे।
कार्यशाला में कहानी को सिनेमाई पटकथा में बदलने, चरित्र निर्माण, संवाद लेखन और फिल्म व ओटीटी इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं पर व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके लिए केवल 15 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसमें सिर्फ JLF 2.0 के पंजीकृत डेलीगेट्स ही हिस्सा ले सकेंगे। अलग से पूर्व पंजीकरण अनिवार्य होगा, हालांकि इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। कार्यशाला पूरी करने वाले प्रतिभागियों को तरुण दुडेजा के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि तरुण दुडेजा को फिल्म ‘धक धक’ के लिए 69वें फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का सम्मान मिला था। उन्होंने ‘बैड न्यूज’, ‘अनपॉज्ड’ और वेब सीरीज ‘जुगाड़िस्तान’ जैसी परियोजनाओं में भी पटकथा लेखन किया है। जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0 का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक होगा। मास्टरक्लास 19 दिसंबर को सुबह 11 बजे शुरू होगी। इच्छुक प्रतिभागी वेबसाइट www.jamshedpurlitfest.com या मृत्युंजय पांडेय (8793266445) से संपर्क कर सकते हैं।




