जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर शुक्रवार को परसुडीह थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी स्थित हरिजन बस्ती में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस निरीक्षक सह परसुडीह थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। खासकर युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रहकर शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया।
वहीं, कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत दीपावली के अवसर पर बस्ती के बच्चों के बीच उपहार भी वितरित किए गए। इस पहल से बच्चों के चेहरे खिल उठे। जागरूकता अभियान में स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों का उत्साह देखने लायक रहा. पुलिस की इस पहल का उद्देश्य आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है।




