जमशेदपुर : श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर में स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के बाद स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग द्वारा एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को ससम्मान विदाई दी गई। इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, कुलपति, एसोसिएट डीन (एकेडमिक्स), और इंजीनियरिंग विभाग के हेड की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण के साथ की गई। इसके पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला आरंभ हुई, जिसने छात्रों को उल्लास से भर दिया। फेयरवेल में विद्यार्थियों ने रैंप वॉक, नाटक तथा मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं की रचनात्मकता और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कुलाधिपति सुखदेव महतो ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आप सभी हमारे विश्वविद्यालय के गौरव हैं। हमें विश्वास है कि आप अपने ज्ञान और मूल्यों के बल पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएँगे।” वहीं, कुलपति महोदय ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उनकी प्रतिभा और टीम वर्क का जीवंत उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान इंजीनियरिंग विभाग में एचओडी शशिकांत सिंह ने बताया कि फाइनल ईयर के लगभग 90% छात्रों का प्लेसमेंट अब तक हो चुका है। श्रीनाथ विश्वविद्यालय के छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट अपोलो और एमआरएफ जैसी बड़ी कंपनियों में हुआ है। समारोह का समापन छात्रों और शिक्षकों के ग्रुप फोटो के साथ हुआ। आयोजन की सफलता का श्रेय आयोजन समिति, छात्र प्रतिनिधियों और संकाय सदस्यों को जाता है, जिनके समन्वय और समर्पण से यह कार्यक्रम यादगार बन पाया।
