आदित्यपुर : दुर्गा पूजा के दौरान आदित्यपुर में लगे मेले में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मानगो से मेला घूमने आई रानी महाकुड़ बिजली झूले से करीब 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनकी कॉलर बोन टूटने की बात परिजनों ने कही है। घायल महिला का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, इलाज पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च होने की आशंका है।

झूला आगे बढ़ने से हुआ हादसा……
परिजनों के अनुसार, घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे की है। रानी महाकुड़ झूले से उतर रही थीं। इसी दौरान आरोप है कि झूला ऑपरेटर ने बिना स्थिति देखे झूले को आगे बढ़ा दिया, जिससे वह संतुलन खो बैठीं और करीब 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गईं। हादसे में झूले का एक कर्मचारी भी घायल बताया जा रहा है।
हादसे के बाद मेले में मची अफरा-तफरी……
घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद झूला संचालक और कुछ कर्मचारी मौके से चले गए। इस दौरान कुछ लोग झूले में ही फंसे रह गए, जिन्हें बाद में धीरे-धीरे नीचे उतारा गया। घायल महिला को आनन-फानन में टीएमएच पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल…
इस हादसे के बाद मेले में संचालित बिजली झूले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने झूला संचालन में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए घायल महिला के इलाज का खर्च संचालक से उठाने की मांग की है. परिजनों ने सोमवार को झूला संचालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक झूला संचालक और मेला प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया था। मामले में संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया और जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

