जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में मां के निधन के बाद पिता की देखभाल करने आई विवाहिता बेटी को उसके भाइयों ने मार-पीट कर जख्मी कर दिया. यही नहीं जान से मारने की नीयत से उसके पेट एवं सीने पर न सिर्फ लात-जूतों से मारा, बल्कि उसके सीने पर पैर रख कर मारने की कोशिश भी की. मारपीट के कारण बुरी तरह जख्मी विवाहिता बहन को अस्पताल में अपना इलाज कराना पड़ा. अब इलाज के बाद उसने टेल्को थाना में अपने दोनों भाइयों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने एवं परिवार में व्याप्त भय के माहौल से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।

टेल्को कॉलोनी के रोड नंबर 23 स्थित के 2-59 क्वार्टर निवासी बिजय कुमार शर्मा की विवाहिता पुत्री श्वेता शर्मा द्वारा थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी के अनुसार श्वेता की मां का विगत 28 मई को देहांत हो गया था, वह अपने पिता के क्वार्टर में ही रह रही है. उसके दो भाई, ओम प्रकाश शर्मा एवं वेद प्रकाश शर्मा पिता से अलग क्रमशः घोड़ाबांधा राधिका टावर एवं विजया गार्डन में रहते हैं. मां के निधन के बाद उन लोगों का भी पिता के घर में आना-जाना हो रहा था।
श्वेता ने बताया कि विगत 5 जून को रात।8:30 बजे के करीब उसके दोनों भाई उसके चाचा को साथ लेकर पुता के घर पहुंचे, जहां वह भी थी. इसी दौरान बातचीत के क्रम में श्वेता ने अपने चाचा की किसी बात का विरोध किया, जिस पर दोनों भाई उससे उलझ गए. श्वेता के अनुसार दोनों भाइयों ने न सिर्फ उसे भद्दी-भद्दी गालियां दीं, बल्कि उसके साथ मारपीट पर भी उतर आये. उनका कहना था कि अब उसकी शादी हो गई है, इसलिए माता-पिता पर अब उसका।कोई अधिकार नहीं है, वह अपनी ससुराल चली जाए. श्वेता ने बताया कि ऐसा तब, जब कि माता-पिता की देखभाल वह और उसके पति ही करते आ रहे हैं. श्वेता के अनुसार उसने इसका विरोध किया तो दोनों भाई उससे मारपीट करने लगे. दोनों भाइयों ने उसे जमीन पर पटक कर लात घूसों से मारा और जान मारने की नीयत से छोटे भाई ने जूते से उसके पेट पर मारा।
अपनी शिकायत में श्वेता ने बताया कि।फिलहाल पूरे घर में भय का माहौल बना हुआ है, और उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, जिसके कारण वे भय के माहौल में जी रहे हैं. उसने बताया कि उसके पति ड्यूटी जाते समय भी भयभीत रह रहे हैं. उसने बताया कि शनिवार को भी उसने शिकायत करने थाना आने की कोशिश की, लेकिन घर के पास संदिग्ध लोगों की आमदरफ्त के मद्देनजर डर कर वे लोग थाना नहीं पहुंच सके. आज अपने पति के कुछ मित्रों को साथ लेकर वे लोग थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. इस स्थिति के मद्देनजर श्वेता ने पुलिस से भय के माहौल से निजात दिलाने अपने भाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई है।
