BIHAR : पटना में सेक्स रैकेट के गंदे खेल का भंडाफोड़ हुआ है। पटना के चिरैयाटांड़ स्थित कृष्णा होटल में दो माह से जिस्मफरोशी का यह गंदा धंधा चल रहा था। कंकड़बाग पुलिस ने होटल में छापा मारकर वहां से देह व्यापार में झोंकी गई दो नाबालिग सहित छह लड़कियां को मुक्त कराया। लड़कियां बिहार और यूपी के अलग-अलग जिलों की हैं।

इस मामले में कंकड़बाग पुलिस ने होटल के दो मैनेजर सुपौल निवासी चंदन कुमार और दनियावां के पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। लड़कियों ने पुलिस को बताया कि रुपये का लालच देकर होटल में उनसे धंधा कराया जा रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि होटल को छह महीना पहले लीज पर लिया गया था और दो महीने से वहां देह व्यापार का धंधा चल रहा था।
होटल मालिक और मैनेजर एजेंट की मदद से होटल में ग्राहक बुलाते थे। बाद में लड़कियों को उनके पास भेजा जाता था। आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। डीएसपी सदर-1 अभिनव ने बताया कि फिलहाल होटल का मालिक, एक मैनेजर और एजेंट फरार हैं। पुलिस उनकी सहित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
