जमशेदपुर : आल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टुडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन जमशेदपुर नगर कमिटी की और से मानगो स्थित गुरुनानक हॉल में नगर स्तरीय शिक्षा कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कन्वेंशन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता AIDSO के प्रदेश उपाध्यक्ष रिंकी बंसरियार ने कहा कि छात्रों और शिक्षाप्रेमियों की यह लड़ाई सिर्फ शिक्षा बचाने की ही लड़ाई नहीं है, बल्कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति और मानवता बचाने की भी लड़ाई है। देश में प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा की बदहाली अपने चरम पर है। आज हमारे देश की सरकारें जिन्हें शिक्षा को आम छात्रों की पहुंच तक सुलभ करना चाहिए था लगातार शिक्षा को संकुचित करते जा रही है। सरकार द्वारा शिक्षा बजट में कटौती एवं आवश्यक संसाधनों की कमी की वजह से देश में आज सार्वजनिक शिक्षा हांफ रही है। सरकार द्वारा लायी गयी नयी शिक्षा नीति-2020 बची-खुची सरकारी शिक्षा को भी समाप्त कर रही है।


यह शिक्षा नीति शिक्षा के निजीकरण, व्यापारीकरण व साम्प्रदायीकरण को बढ़ावा दे रही है. झारखंड में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। अंगीभूत कॉलेज से इंटर की पढ़ाई को बंद कर दिया गया है । पूरे प्रदेश में ना तो उतने प्लस टू स्कूल है ना ही शिक्षक और ना ही प्रयोगशालाएं ।बहुत सारे छात्रों को सीट नहीं मिलने की वजह से पढ़ाई छोड़ने की नौबत गई है। क्लोजर मर्जर के नाम पर स्कूलों को बंद कर दिया गया है। यहां स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों का घर अभाव है। गरीब तबके के लोग शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।
जिला सचिव शुभम कुमार झा ने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा को बचाने के लिए एआईडीएसओ पूरे देश भर में मुहिम चला रहा है इसी क्रम में झारखंड राज्य कमिटी की ओर से 11 अगस्त खुदीराम बोस शहादत दिवस से लेकर 19 सितंबर तक पूरे प्रदेश में एक लाख हस्ताक्षर इकट्ठा किया जाएगा और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस मुहिम से आम छात्र अभिभावक और शिक्षा प्रेमी को शामिल होने के साथ इस आंदोलन को मजबूत करने के अपील की।

कार्यक्रम का संचालन नगर सचिव खुदीराम हंसदा और धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष सविता सोरेन ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव मंडली सदस्य प्रदीप यादव, राजेश गोप, पायल रानी मंडल, अमित कुमार, समीर महतो, राहुल महतो, अपूर्व महतो, बृजेश गोप, अनिकेत राय, रोहित, मनीष, कामेश्वर प्रसाद सहित विभिन्न स्कूल कॉलेज के सैकड़ो छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
