जमशेदपुर : शहर में रविवार को अखंड भारत स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच (जमशेदपुर महानगर) द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि शामिल हुए. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य के रूप में भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर और एकता पर बल दिया गया। मंच से वक्ताओं ने कहा कि “दूर नहीं खंडित भारत को पुनः अखंड बनाएंगे। गिलगित से गारो पर्वत तक आज़ादी पर्व मनाएंगे।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि राष्ट्र के स्वर्णिम भविष्य के लिए संकल्प लें और समाज को एकजुट रखने में योगदान दें।

आयोजकों ने बताया कि अखंड भारत स्मृति दिवस का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव को याद करना है। वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को उनके आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिसमें भारत माता की स्तुति और देशभक्ति गीतों ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। उपस्थित युवाओं ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में भी अग्रणी रहेंगे।
आयोजन में वक्ताओं ने विशेष रूप से यह संदेश दिया कि “जो पाया उसमें ना खोएं, जो खोया उसका ध्यान करें।” उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी वर्गों की भागीदारी से ही भारत की अखंडता और शक्ति को और मज़बूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से मनोज गिरी, बलबीर मंडल, दिनेश कुमार, बबुआ सिंह, अनिल सिंह, शिव शंकर सिंह, अरुण सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, कुसुम पूर्ति, शैलेश गुप्ता, सागर राय, कुमार अभिषेक, संतोष ठाकुर, हरीकिशोर तिवारी, हरेराम यादव, धीरज पासवान सहित हिन्दू जागरण मंच के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
