जमशेदपुर : डिमना क्षेत्र में पिछले 12 दिनों से जारी पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गोकुल नगर, हिल व्यूज कॉलोनी, डिमना बस्ती, रिपीट कॉलोनी और बालीगुमा समेत आसपास के कई इलाकों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से हजारों परिवार प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में प्रतिदिन महज 20 मिनट ही पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके कारण लोगों को पीने के पानी और घरेलू जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पेयजल संकट से परेशान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं। लोगों ने बताया कि पानी की कमी के कारण कई परिवारों को मजबूरन बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। लंबे समय से जारी संकट के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप……
सौरभ विष्णु ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को लगातार 12 दिनों से पानी खरीदने को मजबूर होना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों ने कई बार मानगो नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से पेयजल संकट की शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पेयजल संकट के कारण लोगों को हो रही परेशानी के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी……
सौरभ विष्णु ने कहा कि पानी प्रत्येक नागरिक की मूलभूत जरूरत और अधिकार है। यदि डिमना क्षेत्र में पेयजल संकट का तत्काल और स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो जन विकास मंच स्थानीय लोगों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार आंदोलन और प्रदर्शन करेगा. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर मंच पीछे नहीं हटेगा। यदि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और मानगो नगर निगम की होगी।
