बांका/अमरपुर : बिहार में आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाला पुलिस महकमा अब खुद ही सड़क हादसे का शिकार होने लगा है। बांका जिले के अमरपुर थाना में एसआई के पद पर कार्यरत वीरेंद्र शाह के साथ 17 सितंबर को सड़क हादसा हो गया। बताया गया कि वे बांका जिले से जरूरी कागजात लेकर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना अमरपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने के बाद घायल एसआई को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। हालत को देखते हुए 18 सितंबर को उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित IGIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना को लेकर अमरपुर थाना में मामला दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अब तक अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता नहीं चल सका है। इसी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों ने बिहार पुलिस के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर से जांच की निगरानी कराने और दोषी वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है. परिजनों का कहना है कि जब पुलिस विभाग का एक अधिकारी ही सड़क हादसे के बाद न्याय और कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहा है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा और शिकायतों के प्रति व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना यह है कि वरीय अधिकारी इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।
