रांची/चतरा : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में मोहम्मद इमरोज की कथित मॉब लिंचिंग में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर कथित लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने दो दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का भी निर्देश दिया गया है. पुलिस कार्रवाई के तहत टंडवा थाना में पदस्थापित एसआई सुनील सिंह, महिला एसआई दुलारी पूर्ति, कांस्टेबल दशरथ महतो और कांस्टेबल प्रदीप कुमार को निलंबित किया गया है।

अल्पसंख्यक आयोग ने किया था घटनास्थल का दौरा…..
इससे पहले झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान के नेतृत्व में आयोग की टीम ने बड़गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया था। टीम ने मोहम्मद इमरोज के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उनकी पीड़ा सुनी. पीड़ित परिवार ने आयोग के समक्ष घटना की परिस्थितियों, कथित मारपीट, मौके पर पुलिस की मौजूदगी और घटना के दौरान पुलिस की भूमिका से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदु रखे थे. इसके बाद आयोग की टीम ने चतरा सर्किट हाउस में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मामले की अब तक हुई जांच, दर्ज प्राथमिकी, आरोपियों की गिरफ्तारी, पुलिस कार्रवाई, घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका तथा पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई गई सरकारी सहायता समेत विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली गई।
दोषी पाए जाने पर अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग……
चार पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही, कर्तव्यहीनता अथवा किसी प्रकार की मिलीभगत सामने आने पर संबंधित पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अन्य पुलिस अधिकारी भी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
अन्य आरोपियों और साजिशकर्ताओं की तलाश जारी……
बड़गांव मामले में अल्पसंख्यक आयोग की पहल के बाद मौके पर मौजूद चार पुलिसकर्मियों का निलंबन महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। अब पुलिस के सामने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, कथित साजिशकर्ताओं की पहचान और मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की चुनौती है. हिदायतुल्लाह खान ने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले में शामिल सभी आरोपियों और कथित साजिशकर्ताओं तक जल्द पहुंचेगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस बल की कमी का मुद्दा भी उठाया….
हिदायतुल्लाह खान ने राज्य में पुलिस बल की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई पुलिसकर्मियों के प्रमोशन के बाद विभिन्न थानों में जवानों की कमी महसूस की जा रही है। ऐसे में सरकार को पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाना चाहिए. उन्होंने बड़गांव की घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद अधिकारियों ने जिस तरह स्थिति को संभाला और शांति बनाए रखने में भूमिका निभाई, वह प्रशंसनीय है।
