जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर पुलिस ने एक बड़े वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 21 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद वाहनों में स्कूटी और बाइक शामिल हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर का सत्यापन कर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने में जुटी है।


पीएम मॉल के पास दो संदिग्ध पकड़े गए……
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि पीएम मॉल के पास दो युवक चोरी की स्कूटी लेकर घूम रहे हैं और किसी अन्य वाहन को चोरी करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की स्कूटी बरामद की गई. दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस को गिरोह के नेटवर्क और चोरी किए गए वाहनों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी शुरू की।
निशानदेही पर 21 वाहन बरामद……
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की 21 दोपहिया गाड़ियां बरामद कीं। कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह पूरे मामले में कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह के सदस्य बिष्टुपुर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। जुबली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल और नॉर्थ पार्किंग एरिया सहित अन्य स्थानों से वाहन चोरी किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।
नंबर प्लेट बदलकर ग्रामीण इलाकों में खपाते थे वाहन….
पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनके रजिस्ट्रेशन नंबर और नंबर प्लेट में बदलाव किया जाता था। इसके बाद चोरी के वाहनों को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा ओडिशा के सीमावर्ती गांवों में बेचने की बात भी जांच में सामने आई है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
कई वाहन चोरी के मामलों का हो सकता है खुलासा…..
21 दोपहिया वाहनों की बरामदगी के बाद पुलिस को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के कई मामलों के उद्भेदन की उम्मीद है। बरामद वाहनों के इंजन नंबर, चेचिस नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर का मिलान कराया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह के नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
ये आठ आरोपी गिरफ्तार…..
पुलिस ने मामले में बागबेड़ा शीतला मंदिर रोड नंबर-1 निवासी महेश कुमार उर्फ गोलू (19), पोटका जोजोसाई निवासी मुनीराम मुर्मू (24), जोजोसाई निवासी कारू मार्डी (24), बागबेड़ा लाल बिल्डिंग दुर्गा पूजा पंडाल के समीप रहने वाले विक्रांत साहनी (22), विक्रम साहनी (22), कोवाली नरदा निवासी अशोक पात्रो (24), कोवाली कुंदरूकोचा निवासी पेलाराम सरदार (31) और कोवाली बोंगादुंगरी निवासी काशीनाथ सरदार (29) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
