जमशेदपुर। डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों को जल्द ही सरकारी स्तर पर सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। मंगलवार को अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने इस संबंध में जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सान्याल ने पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा के साथ बैठक कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर, एक्स-रे समेत अन्य जांच एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल की आवश्यकताओं और मौजूदा कमियों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
डॉ. सान्याल ने अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की तथा अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में उनकी जानकारी और अनुभव जाना। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में जल्द ही सरकारी स्तर पर सीटी स्कैन की सुविधा शुरू की जाएगी। वहीं, एमआरआई मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी चल रही है।
अस्पताल में दोनों अत्याधुनिक जांच सुविधाएं सरकारी स्तर पर शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों पर निर्भरता कम होगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों और उनके परिजनों को निजी जांच पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
