जमशेदपुर : मनिफिट टीओपी चौक के समीप वर्षों से दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे सब्जी दुकानदारों को हटाने पहुंचे लोगों का दुकानदारों ने विरोध किया। मामले की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सह मजदूर नेता बंटी सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों के पक्ष में खड़े होकर कार्रवाई का विरोध किया. विरोध के दौरान दुकानदारों और समर्थकों ने सड़क जाम कर दिया। इससे बड़े वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया।

इसके बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से सुनील सिंह, बर्मामाइंस, टेल्को और गोविंदपुर थाना प्रभारियों तथा दुकानदारों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता में दुकानदारों की ओर से बंटी सिंह और आजसू नेता अप्पू तिवारी ने पक्ष रखा। बातचीत के बाद फिलहाल दुकानदारों को दो माह की मोहलत देने पर सहमति बनी। इस अवधि में दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कंपनी प्रबंधन और संबंधित पक्षों के बीच बातचीत की जाएगी. बंटी सिंह ने कहा कि वर्षों से दुकान लगाकर परिवार चलाने वाले दुकानदारों को अचानक हटाना उचित नहीं है। यदि कंपनी दुकानें हटाना चाहती है तो उससे पहले दुकानदारों के लिए व्यवस्थित वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को बसाने के बाद ही उन्हें हटाने की कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से जेमको से मनिफिट मार्ग में दुकान लगाने की अनुमति देने की बात कही जा रही है, जबकि दुकानदार डीवीसी के समीप उपयुक्त स्थान की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर कंपनी और दुकानदारों के बीच पहले से विवाद चल रहा है. बंटी सिंह ने कहा कि दो दिनों के भीतर इस मुद्दे पर दोबारा वार्ता होगी। यदि दुकानदारों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया और उचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, तो उनके हित में आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कंपनी गेट जाम कर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी उन्होंने दी।
उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि दुकानदारों के रोजगार और सम्मान की रक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था का समाधान निकालना है। उन्होंने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से ऐसा रास्ता निकालने की अपील की, जिससे दुकानदारों का रोजगार भी सुरक्षित रहे और सड़क पर यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे. इस दौरान बंटी सिंह, अप्पू तिवारी, मुन्ना चौबे, चिंटू सिंह, हृतिक चौबे, सविता सिंह, शांति देवी, पिंकी सिंह समेत क्षेत्र के सैकड़ों युवा, महिलाएं और अन्य लोग मौजूद रहे।
