जमशेदपुर : गोलमुरी थाना अंतर्गत गाढ़ाबाशा में दुर्गा पूजा की कालरात्रि पर 20 वर्षीय युवक अजय बाशा की कथित बलि देने की घटना से आक्रोश व्याप्त है. रविवार शाम स्थानीय लोगों ने गाढ़ाबासा से आरडी टाटा गोलचक्कर तक कैंडल मार्च निकालकर इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ कड़ा विरोध जताया. मार्च में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और युवाओं ने भाग लिया. सभी ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर “अंधविश्वास बंद करो” और “अजय को न्याय दो” जैसे नारे लगाए. आरडी टाटा गोलचक्कर पर एक मिनट का मौन रखकर अजय की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।




लोगों ने प्रशासन से इस जघन्य अपराध में शामिल तथाकथित तांत्रिक और अन्य आरोपितों को फांसी की सजा देने की मांग की. साथ ही समाज में फैले अंधविश्वास के खिलाफ सख्त कानून लागू करने और जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
