स्थानीय नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं की मांग, जुस्को से व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील
लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : भाजपा कार्य समिति सदस्य जुगनू वर्मा एवं कमलेश सिंह ने सोमवार को टाटा स्टील प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर छोटा गोविंदपुर क्षेत्र में जुस्को के माध्यम से बिजली एवं शुद्ध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में कमलेश सिंह ने कहा कि छोटा गोविंदपुर क्षेत्र, जमशेदपुर नगर सीमा से सटा होने के बावजूद आज भी कई दृष्टिकोण से ग्रामीण श्रेणी में आता है। यहाँ के नागरिकों को बिजली आपूर्ति और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता वर्षों से इन सुविधाओं की मांग कर रही है, परंतु अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। कमलेश सिंह ने टाटा स्टील के CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी सदैव जमशेदपुर एवं आसपास के इलाकों के विकास में अग्रणी भूमिका निभाती रही है।
ज्ञापन के माध्यम से टाटा स्टील प्रबंधन से आग्रह किया गया कि CSR योजना के अंतर्गत जुस्को द्वारा नियमित बिजली आपूर्ति एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासी भी शहरी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि टाटा समूह की यह पहल जनसेवा की परंपरा को और सशक्त करेगी तथा क्षेत्र के विकास में नई दिशा प्रदान करेगी।
