जमशेदपुर : सिदगोड़ा बाज़ार में बुधवार देर रात लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आधा दर्जन से अधिक दुकानें और कई गोदाम इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व ने दुकानों में आग लगाई। रात करीब 12 बजे जब एक दुकान से आग की लपटें उठती दिखीं, तो लोगों ने तुरंत दुकान मालिकों को इसकी सूचना दी।

दमकल दल के देर से पहुंचने पर लोगों का आक्रोश…..
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दे दी गई, लेकिन काफी देर बाद दमकल की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। देर से पहुंचने पर लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिली। तब तक स्थानीय लोग और दुकानदार खुद ही आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। इस आगजनी में दिना प्रसाद की किराना दुकान और दो गोदाम, वहीं अजीत चंद्र व राजू राव की आलू-प्याज की दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। सभी दुकानदारों को लाखों रुपये की क्षति उठानी पड़ी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है। कुल मिलाकर पूरे हादसे में 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है।
